
ABN : पंजाब और हरियाणा के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने भी वीकेंड लॉकडाउन का एलान कर दिया। एडवाइजर मनोज परिदा की तरफ से इस संबंधी देर रात आदेश जारी किए गए। इसके अलावा प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने भी ट्वीट कर लॉकडाउन की जानकारी दी। आदेशों के अनुसार, अब से हर शनिवार और रविवार को शहर के सभी बाजार और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। इस दौरान अनिवार्य सेवाओं से जुड़ी दुकानें खुली रहेंगी। कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को देखते हुए पहले पंजाब ने और फिर हरियाणा ने वीकेंड लॉकडाउन का एलान किया है। एडवाइजर मनोज परिदा के अनुसार वीकेंड लॉकडाउन के दौरान निजी दफ्तर, होटल और रेस्टोरेंट खुले रह सकते हैं लेकिन दुकानें, शॉपिंग मॉल, मार्केट और सरकारी दफ्तर पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके अलावा शहर में लोगों के घूमने पर पाबंदी नहीं रहेगी। वीकेंड लॉकडाउन को लेकर विस्तृत आदेश जारी नहीं होने की वजह से कई विषयों पर असमंजस की स्थिति है। देर रात वीकेंड पर लॉकडाउन लगाने और दुकानें बंद करने के फैसले पर शहर के व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि प्रशासन के आदेश से जाहिर होता है कि शहर में कोरोना दुकानदारों की वजह से फैल रहा है और जो भी केस बढ़ रहे हैं, उसके लिए शहर के व्यापारी जिम्मेदार हैं। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि क्या दुकानें बंद करने और लोगों की आवाजाही पर रोक न लगाने से कोरोना के केस का कम हो जाएंगे। व्यापार मंडल ने प्रशासन से पहले भी गुहार लगाई थी कि वीकेंड लॉकडाउन ना करें। इसके बावजूद प्रशासन ने व्यापारियों से बिना बात किए दुकानें बंद करने का फैसला ले लिया। यदि दुकानें बंद करने के साथ लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगती तो फैसले की गंभीरता समझ में आती। प्रशासन के इस फैसले से व्यापारी काफी निराश है। इस फैसले के विरोध में आज सेक्टर- 23 में सभी व्यापारी दुकानों के आगे सब्जी बेचेंगे, क्योंकि व्यापारी भले ही शोरूम का खर्च ना निकाल पाए लेकिन वह देश की अर्थव्यवस्था के लिए टैक्स जरूर भरेगा। #SHARE#COMMENT#AmbalaBreakingNews